शहर के गिरवाई थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां घर में अकेली रह रही एक युवती की बेरहमी से हत्या कर दी गई। युवती का शव उसके ही कमरे में खून से लथपथ हालत में मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतका की पहचान 20 वर्षीय निशा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार घटना के समय निशा घर में अकेली थी और टीवी देख रही थी। उसकी मां घरों में काम करने गई हुई थी। दोपहर करीब साढ़े एक बजे मां ने फोन कर निशा से बात की थी, तब उसने खुद को घर पर सुरक्षित बताया था और दोनों के साथ पूजा में जाने की बात भी हुई थी।
करीब तीन बजे जब मां घर लौटी तो कमरे का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। निशा का शव जमीन पर पड़ा था और गले से खून बह रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से खून से सना एक डंडा और पत्थर बरामद किया गया है।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवती के साथ पहले मारपीट की गई और बाद में धारदार हथियार से गला काटकर उसकी हत्या की गई। पुलिस प्रेम-प्रसंग समेत कई पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
बताया गया है कि घटना के समय परिवार की अन्य महिला सदस्य बच्चों के टीकाकरण के लिए बाहर गई हुई थी, जिससे निशा घर में पूरी तरह अकेली थी। परिजनों ने फिलहाल किसी भी तरह की पुरानी रंजिश से इनकार किया है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है।











