भीलवाड़ा।रायला में बिजली विभाग के ठेकेदार के अधीन काम कर रहे एक युवक की करंट की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान डोडवानियो का खेड़ा निवासी भेरू जाट पुत्र नेहरू लाल जाट के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार भेरू जाट पिछले कई वर्षों से ठेकेदार के साथ बिजली विभाग में कार्य कर रहा था।
सोमवार को काम के दौरान वह अचानक करंट की चपेट में आ गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इस दुखद हादसे ने मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है।हादसे की खबर जैसे ही गांव में पहुंची, परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण रायला पावर हाउस के बाहर एकत्रित हो गए और उन्होंने बिजली विभाग और संबंधित ठेकेदार की लापरवाही व कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए सड़क पर जाम लगा दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि बिना सुरक्षा उपकरणों के कर्मचारियों से काम करवाया जाता है, जिसके कारण यह हादसा हुआ। ग्रामीण मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।सड़क जाम और प्रदर्शन की सूचना मिलते ही रायला थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आक्रोशित ग्रामीणों से समझाइश का प्रयास शुरू किया। समाचार लिखे जाने तक ग्रामीणों का धरना जारी था और समझाइश का दौर चल रहा था।
Leave a Reply